सीधी में अवैध खनन पर कार्रवाई: मझौली में हाईवा जब्त, रातभर चला सघन अभियान

सीधी। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सघन अभियान में मझौली क्षेत्र से अवैध खनिज परिवहन करते हुए एक हाईवा वाहन जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 18 अप्रैल 2026 की शाम 6 बजे से 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे तक गोपदबनास, मझौली, बहरी और सिहावल तहसीलों में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्राम चमराडोल, तहसील मझौली में खनिज फायरक्ले का अवैध परिवहन करते हुए हाईवा वाहन (MP53ZH0858) पकड़ा गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर वाहन को तत्काल जब्त कर थाना मझौली की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
प्रशासन ने संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले को कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।




