सिहावल में भव्य सामूहिक विवाह-निकाह समारोह, 83 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

सीधी। जिले के सिहावल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 83 जोड़ों का विवाह और 6 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम जनपद पंचायत परिसर में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन में पारंपरिक उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला।
शासन की ओर से सभी नवदंपत्तियों को 49-49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए बड़ी राहत है और सरकार का उद्देश्य विवाह को सम्मानजनक एवं सरल बनाना है।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि पहले बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों में आर्थिक दबाव रहता था, लेकिन अब इस योजना से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना 2027 को लेकर भी शपथ दिलाई गई, जिसमें उपस्थित लोगों ने सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।




