सीधी बस स्टैंड का निरीक्षण: व्यवस्थाएं सुधारने के कलेक्टर के सख्त निर्देश

Sidhi Bus Stand Inspection: कलेक्टर विकास मिश्रा ने शहर के नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर ने बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर वातावरण मिल सके। इसके साथ ही बसों की गंतव्यवार पार्किंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए, जिससे आवागमन सुचारु हो और भीड़भाड़ की स्थिति न बने।
उन्होंने ऑटो पार्किंग को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, ताकि उन्हें आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन आसानी से मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




