17 वर्षीय बालिका के अपहरण मामले में आरोपी गिरफ्तार, POCSO की गंभीर धाराएं जोड़ी गईं

Sidhi Kidnapping case: सीधी जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पोक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार ग्राम डेरा निवासी दशरथ रावत ने 2 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बालिका 1 अप्रैल की शाम घर से बिना बताए लापता हो गई। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
जांच में बड़ा खुलासा
प्रारंभिक दस्तावेजों में उम्र 18 वर्ष दर्शाई गई थी, लेकिन जांच के दौरान शैक्षणिक अभिलेखों और जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर बालिका की वास्तविक आयु लगभग 17 वर्ष पाई गई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान 7 अप्रैल को बालिका को पटपरा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी राजू रावत उर्फ पोल्ला (21 वर्ष) निवासी ग्राम डेरा को गिरफ्तार किया गया।
इन धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने मामले में धारा 137(2) बीएनएस के साथ-साथ जांच के बाद धारा 96, 64(2)(एम) बीएनएस और 5एल/6 POCSO एक्ट की धाराएं जोड़ी हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उ.नि. इन्द्राज सिंह, प्र.आर. अभय वर्मा, आरक्षक शिवम पाण्डेय और महिला आरक्षक अंजली कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




