“सीधी में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार! 14 लाख की ऑनरेक्स कफ सिरप और एक्सयूवी जब्त, तस्कर फरार”

सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 416 नग ऑनरेक्स कफ सिरप और एक एक्सयूवी कार जब्त की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा (भापुसे) के निर्देश पर कोतवाली और बहरी पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जब्त माल की कुल कीमत 14 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि, कार में सवार दो तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
फिल्मी अंदाज में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद एक्सयूवी कार में राहुल सिंह गहरवार और सचिन राठौर नामक तस्कर ऑनरेक्स कफ सिरप की बड़ी खेप लेकर कुचवाही-झींगाझर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और एक विशेष टीम गठित कर तस्करों का पीछा करना शुरू किया।
गाड़ी छोड़कर फरार हुए तस्कर
पुलिस टीम को पीछा करता देख तस्कर गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जहां डिग्गी से 357 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। जब्त माल की कीमत 24,000 रुपये बताई जा रही है। कार के डैशबोर्ड से राहुल सिंह के नाम के दस्तावेज भी मिले हैं, जो जांच में अहम साबित हो सकते हैं।
बहरी बाजार में भी छापा, दुकान से मिली नशीली सिरप
इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राकेश बैस ने बहरी बाजार में एक मोबाइल दुकान पर छापा मारा। यहां से 59 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी कीमत 23,600 रुपये है। पुलिस को सूचना मिली थी कि धीरेन्द्र गुप्ता नामक व्यक्ति दूसरे के नाम पर एलॉट दुकान में नशे का सामान बेच रहा है। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भाग निकला, लेकिन दुकान का ताला तोड़कर तलाशी लेने पर प्रतिबंधित सिरप बरामद हुई।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों मामलों में तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22, 27(ए), 29 और ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसपी रविन्द्र वर्मा के निर्देश पर सख्त अभियान
एसपी डॉ. रविन्द्र वर्मा ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
और भी बड़े ऑपरेशन की तैयारी
एएसपी अरविंद श्रीवास्तव और डीएसपी गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार तस्करों की धरपकड़ में जुटी है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।




