बघोर-मेढ़ौली से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत, विधायक विश्वामित्र पाठक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

सीधी। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत मेढ़ौली से शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 की शुरुआत हुई। आयोजित जन विश्वास शिविर में क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में बघोर, मेढ़ौली, गेरुआ और दुधमनिया ग्राम पंचायतों के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध समाधान का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन व जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, भूमिहीन एवं आवासहीन परिवारों को आवासीय भूमि का स्वामित्व दिलाने, पात्र हितग्राहियों के संबल, कर्मकार एवं आयुष्मान कार्ड बनाने तथा अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को जले हुए ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने और क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एसडीएम राकेश शुक्ला, डीपीसी विनय मिश्रा, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीआरसी मुन्नालाल साकेत, परियोजना अधिकारी अनुसुइया बाजपेयी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




