बॉक्साइट खदान और अल्ट्राटेक फैक्ट्री के भारी वाहनों से ग्रामीण परेशान, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीधी। नैकिन और रघुनाथपुर पंचायत क्षेत्र में संचालित बॉक्साइट खदान एवं अल्ट्राटेक फैक्ट्री से जुड़े भारी वाहनों के आवागमन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क की बदहाल स्थिति और धूल की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलेक्टर विकास मिश्रा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि दिनभर भारी ट्रकों के लगातार आवागमन से क्षेत्र की सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। साथ ही वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। वहीं धूल के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने का खतरा है। उनका कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, धूल नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम तथा भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है। साथ ही प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई कर आमजन को राहत दिलाने की अपील की है।




