सीधी: जनसंवाद शिविर में कमिश्नर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, सिकल सेल स्क्रीनिंग की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी

सीधी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम बुढ़गौना में आयोजित जनसंवाद शिविर में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा भी मौजूद रहे। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसंवाद शिविर के दौरान कमिश्नर ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है।
सिकल सेल स्क्रीनिंग की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कमिश्नर ने विशेष टीमों का गठन कर अभियान चलाने और लक्षित समूह के प्रत्येक व्यक्ति की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से संबंधित लंबित शिकायतों पर भी असंतोष व्यक्त किया। इसके बाद बघवार स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अगस्त और सितंबर माह का खाद्यान्न शासन के निर्देशानुसार हितग्राहियों को वितरित किया जाए तथा 15 अगस्त से पहले सभी उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न का उठाव सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर ने ‘वॉश ऑन व्हील’ पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए लक्षित रणनीति अपनाने, सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और समय पर एएनसी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोकी जा सकने वाली एक भी मातृ मृत्यु नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक गर्भवती महिला तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।




