सीधी में शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई, शराब के नशे में स्कूल पहुंचने पर निलंबित

सीधी। जिले के सिहावल विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला डिहुली क्रमांक-4 में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल को विद्यालयीन समय में शराब के नशे में पाए जाने के मामले में कलेक्टर विकास मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें शिक्षक विद्यालय समय के दौरान शराब के नशे में सोते हुए दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए 6 अगस्त को जांच कराई गई, जिसमें वीडियो सही पाया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिक्षक अप्रैल, जून और जुलाई 2026 में लंबे समय तक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। लगातार अनियमितता और लापरवाही के कारण विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत प्राथमिक शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिहावल निर्धारित किया गया है।




