सीधी

रामपुर नैकिन पहुंचे कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र; निर्माणाधीन विद्यालय का भी किया निरीक्षण

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को रामपुर नैकिन स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद कर बोर्ड परीक्षा, नीट और आईआईटी-जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर मार्गदर्शन दिया। साथ ही निर्माणाधीन विद्यालय भवन का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि सफलता पाने के लिए सबसे पहले स्पष्ट लक्ष्य तय करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से डर और असफलता के भय को पीछे छोड़कर आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही दिशा में की गई तैयारी से कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती।

कमिश्नर ने कहा कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता में बाधा नहीं बनती। यदि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत का जज्बा हो तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने की भी सलाह दी।

इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिले। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और निरंतर अभ्यास करने की सीख दी।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रामपुर नैकिन में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए नवंबर 2026 तक भवन का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में नगर परिषद रामपुर नैकिन के अध्यक्ष रामकुमार साहू, जिला पंचायत सीईओ शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, एसडीएम अजय शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button