जियावन थाने में पदोन्नति समारोह: 10 पुलिसकर्मियों को मिली नई जिम्मेदारी
पुलिस पदोन्नति नियम-2025 के तहत फ्लैप लगाकर किया सम्मानित, अधिकारियों ने जनसेवा और अनुशासन का दिलाया संकल्प

सिंगरौली। पुलिस पदोन्नति नियम-2025 के तहत सोमवार को जियावन थाना परिसर में पदोन्नति समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. गायत्री तिवारी एवं थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेष नारायण द्विवेदी ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों की वर्दी पर पदचिह्न (फ्लैप) लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन और जनसेवा की जिम्मेदारी भी बढ़ाती है। उन्होंने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
पुलिस पदोन्नति नियम-2025 के तहत कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक के रूप में कार्यरत तेज बहादुर, दिनेश कुमार और नरेंद्र सिंह को स्थायी सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बनाया गया। वहीं कार्यवाहक प्रधान आरक्षक उमेश रावत, रमेश चंदन और बृजेश सिंह को स्थायी प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली।
इसके अलावा जियावन थाने में पदस्थ दिनेश कुमार, अमन रावत, प्रतीक कुमार और नाथूलाल प्रजापति को आरक्षक से प्रधान आरक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया।
समारोह में जियावन थाना का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।




