क्राइम

15 हजार रिश्वत मांगने वाला पटवारी ट्रैप, 5 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

ar 728 ad
AR News Live

रीवा। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त संगठन रीवा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त टीम ने आरोपी पटवारी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की पहचान मनोज पांडे (52) पटवारी हल्का खजूहा कला, निवासी वार्ड क्रमांक 9 राजीव मार्ग निराला नगर के रूप में हुई है।

सीमांकन के नाम पर मांगी थी रिश्वत

शिकायतकर्ता कमलेश पटेल निवासी ग्राम खजुआ कला, तहसील गुड़ ने 13 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता की जमीन के सीमांकन कार्य के बदले पटवारी द्वारा 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें सामने आया कि आरोपी पटवारी पहले ही 10 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 5 हजार रुपए की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त टीम ने बिछाया जाल

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने 16 मई 2026 को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने आरोपी को राजीव मार्ग निराला नगर क्षेत्र में 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 (क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

12 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में निरीक्षक श्री संदीप सिंह भदौरिया सहित 12 सदस्यीय लोकायुक्त टीम शामिल रही।

लोकायुक्त की आमजन से अपील

लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना लोकायुक्त कार्यालय रीवा को मोबाइल नंबर 9893607619 या दूरभाष नंबर 07662-256569 पर दें।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोकायुक्त की सख्ती का स्पष्ट संदेश सामने आया है।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button