नए वोटरों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू, 25 मई तक मौका

सीधी। नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण वर्ष 2026 को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधि, विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 15 मई 2026 को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जो 25 मई 2026 को दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर जोर दिया, जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है।
कलेक्टर ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। उन्होंने मृतक एवं स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाने के लिए भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में नगरीय निकायों की मतदाता सूची के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने और उनके दायित्वों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इससे पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।
बैठक के अंत में अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।




