सीधी: 4 माह के शिशु का अपहरण प्रयास नाकाम, संदिग्ध फरार

सीधी। सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम कतरवार के दाड़ीटोला में शनिवार सुबह करीब 9 बजे चार माह के शिशु को उठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। मां की सतर्कता से घटना टल गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहाड़ी किनारे स्थित घर में शिशु सो रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसे उठाकर ले जाने लगा। बच्चे की मां की नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग एकत्र हो गए। घिरता देख संदिग्ध शिशु को वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
परिजनों के अनुसार शिशु अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद डायल 112 की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा उसकी स्थिति की निगरानी की जा रही है।
शिशु के पिता प्रवेश कुशवाहा ग्राम कतरवार के निवासी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मड़वास थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग शुरू की है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं।




