अमिलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 3.80 लाख का मसरूका बरामद, चार गिरफ्तार

अमिलिया (सीधी)।अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहावल चौकी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 किलो 137 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 3 लाख 80 हजार रुपये का मसरूका बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभय ट्रेडर्स के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान रामा केवट (22), मोती साकेत (28), सत्यम केवट (26) और अभिषेक केवट (24) को पकड़ा गया। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 8 किलो 137 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान दो अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। एक बाइक की कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये और दूसरी की 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार गांजा सहित कुल 3 लाख 80 हजार रुपये का मसरूका जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।




