सीधी में देर रात फायरिंग, बाइक सवार जीजा-साले को गोली मारकर फरार हुए कार सवार बदमाश

सीधी। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। जमोड़ी थाना क्षेत्र में देर रात बाइक से जा रहे जीजा-साले पर अज्ञात कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को जिला अस्पताल सीधी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रीवा रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सपनी दुआरी निवासी मानिक लाल यादव अपने साले रजनीश यादव के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात कार सवारों ने अचानक उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। फायरिंग में दोनों सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से पुलिस को तीन खाली कारतूस बरामद हुए हैं, जिससे तीन राउंड फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई है। दोनों घायलों को गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के इलाकों में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।




