वनांचल की बिटिया के सपनों को मिला सहारा: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अनामिका बैगा की मेडिकल पढ़ाई में सहयोग का दिया भरोसा

सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संवेदनशील पहल का एक मानवीय उदाहरण सीधी जिले के बहरी में देखने को मिला, जहां कुसमी विकासखंड के ग्राम देउमठ निवासी आदिवासी छात्रा अनामिका बैगा को मेडिकल की पढ़ाई के लिए राज्य सरकार से सहयोग का आश्वासन मिला।
मुख्यमंत्री के सीधी प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में अनामिका बैगा ने उनसे मुलाकात कर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी के लिए सहयोग का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि NEET की तैयारी से लेकर भविष्य में मेडिकल कॉलेज में चयन होने तक राज्य सरकार अनामिका को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
अनामिका वर्तमान में NEET की तैयारी कर रही है, जिसके लिए कोचिंग, छात्रावास और अध्ययन सामग्री की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने छात्रा से मुलाकात कर उसकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी को निर्देश दिए कि अनामिका को शीघ्र आवश्यक पुस्तकें, कोचिंग सुविधा और छात्रावास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही उपखंड अधिकारी कुसमी और जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि अनामिका और उसके परिवार को पात्रता अनुसार शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री की इस पहल से उत्साहित अनामिका बैगा ने कहा कि यह सहयोग उसके सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा सहारा साबित होगा। यह पहल न केवल एक आदिवासी छात्रा के भविष्य को संबल देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य सरकार प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।




