क्राइम

सीधी:धान खरीदी केंद्र में बड़ा खुलासा: बघवार में औचक निरीक्षण के दौरान 120 क्विंटल धान जब्त, दो ट्रैक्टर सीज

ar 728 ad
AR News Live

सीधी:धान खरीदी केंद्र में बड़ा खुलासा: बघवार में औचक निरीक्षण के दौरान 120 क्विंटल धान जब्त, दो ट्रैक्टर सीज

 

 

सीधी। रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत बघवार धान खरीदी केंद्र में बुधवार को प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। तहसीलदार आशीष मिश्रा और नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में धान खरीदी प्रक्रिया में भारी लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ।

 

निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र परिसर में दो ट्रैक्टर खड़े मिले, जिनमें भारी मात्रा में धान लदी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि ट्रैक्टरों में रखे गए धान का कोई वैध रिकॉर्ड न तो संबंधित किसानों के पास मौजूद था और न ही समिति प्रबंधक द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सका। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार दोनों ट्रैक्टरों में कुल 280 बोरी धान लदी हुई थी, जिसका वजन लगभग 120 क्विंटल आंका गया है। जब्त किए गए ट्रैक्टर और धान को जांच पूरी होने तक समिति प्रबंधक पुष्पेंद्र सिंह की सुपुर्दगी में रखा गया है। मामले की सूचना खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी दे दी गई है।

 

स्थानीय ग्रामीण तेजभान लुनिया ने आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक के इशारे पर लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उनका कहना है कि जिन किसानों के नाम समिति की सूची में दर्ज नहीं हैं, उनसे भी धान खरीदकर उसे बाद में अवैध रूप से बेचा जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें प्रशासन को दी गई थीं, लेकिन इस बार ठोस कार्रवाई देखने को मिली है।

 

तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच की गई, जिसमें अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button