मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के खाते में 300 करोड़ की छात्रवृत्ति राशि अंतरित की..

मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के खाते में 300 करोड़ की छात्रवृत्ति राशि अंतरित की..
सीधी जिले के 2579 विद्यार्थियों के खाते में 2 करोड़ 39 लाख से अधिक की छात्रवृत्ति राशि अंतरित
*रिपोर्ट*👉 अरुण मिश्रा
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बुरहानपुर जिले के शाहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के 2 लाख 90 हजार विद्यार्थियों के खातों में 300 करोड़ रूपये की छात्रवृत्ति राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। कार्यक्रम में सीधी जिले के 2 हजार 579 पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के खाते में 2 करोड़ 39 लाख 89 हजार 878 रूपये की पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति उनके खातों में अंतरित की गई। जिले में सभी महाविद्यालयों में तथा जिले के एनआईसी केन्द्र में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। सीधी एनआईसी केन्द्र से सहायत संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्रीमती सुमन द्विवेदी सहित योजना से लाभान्वित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विद्यार्थी खूब मन लगा कर पढ़ाई करें और आगे बढ़े। सरकार द्वारा हर वर्ग के निर्धन विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और मेधावी विद्यार्थी योजना प्रारंभ की गई है। मेधावी विद्यार्थी योजना में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की फीस सरकार द्वारा भरी जा रही है। कक्षा 12वीं में सर्वाधिक अंक लाने वाली बेटियों को अब स्कूटी भी प्रदान की जायेगी। प्रदेश में अब मेडिकल, इंजीनियरिंग आदि की पढ़ाई भी हिंदी में प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है।




