अमिलिया क्षेत्र से 36.26 किलो गांजा जब्त, कंटेनर छोड़कर तस्कर फरार

सीधी। मध्यप्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर से 36.26 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस को देखकर कंटेनर में सवार दो तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 14 जनवरी की रात सूचना मिली थी कि हरियाणा पंजीयन का एक कंटेनर (HR38W2990) अवैध गांजा लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर अमिलिया थाना पुलिस ने मूड़ा पहाड़ क्षेत्र में घेराबंदी की।
जैसे ही कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर पास के पहाड़ी जंगल की ओर भाग निकले। अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के कारण दोनों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
कंटेनर की तलाशी लेने पर केबिन में छिपाकर रखी गई दो प्लास्टिक बोरियों से 36 पैकेट गांजा बरामद किया गया। जांच में गांजे का कुल वजन 36.26 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे के साथ कंटेनर और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग ₹35.55 लाख बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि कंटेनर हरियाणा पंजीकृत होने के कारण अंतरराज्यीय तस्करी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




