जिला अस्पताल की अव्यवस्था पर शिवसेना का विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीधी। जिला अस्पताल की अव्यवस्था और डॉक्टरों की कथित लापरवाही को लेकर शिवसेना ने विरोध जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे और जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर को मुख्यमंत्री और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिला अस्पताल के कुछ डॉक्टर मरीजों को सरकारी अस्पताल में उचित उपचार देने के बजाय अपने निजी क्लिनिक में आने के लिए मजबूर करते हैं, जिससे गरीब मरीजों को परेशानियों के साथ आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ता है।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टरों की जिम्मेदारी है कि वे मरीजों का ईमानदारी से इलाज करें। उन्होंने मांग की कि अस्पताल की व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना जिला इकाई संबंधित निजी क्लिनिकों का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान प्रदीप विश्वकर्मा, आशीष मिश्रा, सुनील रावत, सागर सिंह चौहान, जैनेन्द्र सिंह चौहान, सोनम सिंह चौहान, राहुल सिंह चौहान, राजकुमार सिंह चौहान, रामाधार गोस्वामी सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।




