मुर्शिदाबाद में हिंदुओं पर कथित अत्याचार के विरोध में शिवसेना का प्रदर्शन, ममता सरकार का पुतला फूंका

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हिंदू परिवारों पर कथित हमलों और पलायन के विरोध में शिवसेना ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। गंध चौक पर शिवसैनिकों ने ममता बनर्जी सरकार का पुतला फूंका और केंद्र सरकार से बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
विवेक पांडे ने लगाए गंभीर आरोप
विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि, “मुर्शिदाबाद में 500 से अधिक हिंदू परिवारों पर हमले हुए, जिससे उन्हें अपने घरों को छोड़कर पलायन करना पड़ा। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। ममता सरकार वोट बैंक की राजनीति के चलते बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है, जिससे जिहादी ताकतों का मनोबल बढ़ा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि राज्य सरकार और कुछ क्षेत्रीय राजनीतिक शक्तियां इन ताकतों को अप्रत्यक्ष समर्थन दे रही हैं। पांडे ने यह भी टिप्पणी की कि “जब देश में चुनाव नहीं होते, तब हिंदू संगठनों की चुप्पी खटकने लगती है।”
केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग
शिवसेना नेताओं ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि सरकार मूकदर्शक बनी रही तो इससे देश की अखंडता और सामाजिक ताना-बाना खतरे में पड़ सकता है।
प्रदर्शन में प्रमुख नेता रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन में शिवसेना के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल रहे, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे, संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, संभाग संयोजक संतकू केवट, जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह, जिला संपर्क अध्यक्ष रामसजीवन जायसवाल, बघेल उर्फ भोले, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, नगर उपाध्यक्ष मोनू मिश्रा, गौ सेवक केशव मिश्रा, दीपेंद्र तिवारी, प्रिंसभाई, नगर सह-संयोजक राजन मिश्रा, युवा सेना जिला संयोजक आकाश परांडे, युवा उपाध्यक्ष सुनील विश्वकर्मा, युवा जिला मंत्री सूरज पटेल, सीधी विधानसभा अध्यक्ष रोहित राठौर, तथा अन्य युवा शिवसैनिक जैसे रवि यादव, रवि सिंह चौहान, आदर्श चौहान, जीतू सिंह चौहान, संजू रजक भी शामिल रहे।




