वायरल ऑडियो मामले में रिश्वतखोरी के आरोप पर पटवारी निलंबित

सीधी। सोशल मीडिया पर सीमांकन की पुष्टि के एवज में ₹3,000 रिश्वत मांगने का कथित ऑडियो वायरल होने के मामले में प्रशासन ने जमुनिहा हल्का नंबर-02 के पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उपखंड अधिकारी (राजस्व) रामपुर नैकिन विकास आनंद द्वारा की गई।
प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार, कदाचार एवं शासकीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की भी अवहेलना की गई।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।




