पुलिस लाइन में आयोजित हुआ स्मृति दिवस कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक ने शहीद दिवस परेड की ली सलामी

पुलिस लाइन में आयोजित हुआ स्मृति दिवस कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक ने शहीद दिवस परेड की ली सलामी
सीधी ।
पुलिस स्मृति दिवस पर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की याद में पुलिस लाईन सीधी स्थित परेड ग्राउंड में शहीद दिवस परेड का आयोजन किया गया। शहीद परिवारों को शाल, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक सीधी डॉ. रविन्द्र वर्मा द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात दिनांक 1 सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 तक देश में विभिन्न प्रदेशों के 214 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी जिसमें मध्यप्रदेश के 23 पुलिसकर्मियों के नाम भी शामिल है, का वाचन किया, जिन्होने अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए देश के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी। पुलिस स्मृति परेड द्वारा शहीदों को सलामी दी गई। तत्पश्चात परेड मार्च हुई। उपस्थित सभी अधिकारियों/ कर्मचारियों द्वारा शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शहीद जवान की स्मृति में विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी एवं पुलिस अधीक्षक सीधी डॉ. रविन्द्र वर्मा द्वारा शाल, श्रीफल देकर शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राय, जेल अधीक्षक जिला जेल सीधी, जनपद अध्यक्ष सीधी धमेन्द्र सिंह परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, एसडीएम गोपद बनास नीलेश शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती गायत्री तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चुरहट अशुतोष द्विवेदी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी रोशनी ठाकुर, तहसीलदार गोपद बनास जान्हवी शुक्ला, रक्षित निरीक्षक रक्षित केन्द्र सीधी विरेन्द्र कुमरे एवं अन्य समस्त अधिकारी/ कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र एवं फूलों की माला चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 अक्टूबर 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग में सीमा की सुरक्षा में तैनात सीआरपीएफ के जवानों के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सेना द्वारा भारी संख्या में घात लगाकर हमला किया गया था। लेकिन हमारे जवानों ने बहादुरी से चीनी सैनिकों का सामना किया, जिसमें सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए। उन्ही की याद में हर साल पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है।




