सीधी

कमर्जी थाना क्षेत्र में जन चौपाल आयोजित, नशा, साइबर अपराध और बाल विवाह को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

ar 728 ad
AR News Live

सीधी। थाना कमर्जी पुलिस द्वारा “आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत मंगलवार को ग्राम कारीमाटी में जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना क्षेत्र में अवैध कोरेक्स और गांजा कारोबार पर रोकथाम, ग्रामीण समस्याओं के समाधान तथा पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए।

कार्यक्रम शाम करीब 4 बजे खुले परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत सरपंच अजय सिंह, सचिव नागेंद्र प्रताप सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रामकुमार कोल, बुद्धसेन प्रजापति, मकोली कोल, श्रीमती कैसे काली कोल, श्रीमती सुषमा पटवा, पूर्व सरपंच लल्लू सिंह सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।

जन चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम, महिलाओं एवं बालिकाओं के खिलाफ अपराध, साइबर ठगी और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर जागरूक किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, बाल विवाह न करें तथा बालिकाओं की शादी 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही करें।

पुलिस ने कहा कि घरेलू विवादों को आपसी समझ और परामर्श से सुलझाया जाए तथा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। साइबर अपराधों को लेकर लोगों को सावधान करते हुए ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक न खोलने और किसी के बहकावे में न आने की सलाह दी गई। साथ ही बिना लाइसेंस और बीमा के वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और जंगली जानवरों की समस्या से जुड़े आवेदन भी पुलिस को सौंपे। पुलिस के अनुसार कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा जाएगा। ग्रामीण रामकुमार सिंह ने जंगली जानवरों की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया।

थाना प्रभारी उपनिरीक्षक इन्द्राज सिंह ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान, पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जनता के साथ विश्वास कायम करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यक्रम में उपनिरीक्षक केशरी प्रसाद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक अमर सिंह परिहार, महिला आरक्षक किरण शुक्ला सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। जन चौपाल में करीब 105 ग्रामीणों ने सहभागिता की।


AR News Live
ar 728 ad
ar 728 ad

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ar 728 ad
Back to top button