कमर्जी में पशु चोरी का खुलासा: भैंसें और वाहन बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से पशु चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी गई भैंसें और घटना में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया है।
रात में चोरी, ग्रामीणों ने पकड़ा आरोपी
जानकारी के अनुसार ग्राम अमल्लकपुर निवासी शंकर दयाल पटेल के घर से 2 मई की रात अज्ञात चोर दो भैंस और एक पड़िया चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान ग्राम पुतरिहा में ग्रामीणों ने एक टाटा मैजिक वाहन में संदिग्ध स्थिति में भैंसें देखीं और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
आरोपी से बरामद हुआ सामान
पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवम गुप्ता (23) निवासी रीवा के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक पड़िया और घटना में इस्तेमाल मैजिक वाहन बरामद किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




