10 घंटे में लापता बालक को खोज लाई पुलिस, सकुशल परिजनों को सौंपा

सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 8 वर्षीय बालक को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल खोजकर परिजनों को सौंप दिया।
बकरी चराने गया था, घर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार ग्राम गहिरा निवासी रामसिया यादव का 8 वर्षीय पुत्र देवांश यादव 2 मई की शाम करीब 4 बजे बकरी चराने घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की तत्काल खोज
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम गठित की। टीम ने संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया और तकनीकी साधनों के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
पहाड़ क्षेत्र से मिला बालक
लगातार प्रयासों के बाद 3 मई की सुबह करीब 10:30 बजे बालक को गहिरा पहाड़ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे विधिवत परिजनों को सौंप दिया गया।
टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमर्जी उ.नि. इन्द्राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




