सीधी में तालाब बना मौत का जाल: दो बच्चों की डूबने से गई जान

सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र के नेबूहा गांव में रविवार को एक दुखद हादसा हो गया, जहां तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान सिद्धांत साहू (12 वर्ष) और सलेंद्र साहू (11 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे सुबह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए गांव के तालाब तक पहुंचे।
मवेशियों को पानी पिलाते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि भैंसों को पानी पिलाते समय दोनों बच्चे तालाब में उतर गए। पानी गहरा होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूब गए। उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें बचाया नहीं जा सका।
तलाश के दौरान मिले शव
काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान तालाब से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।




