अवैध रेत माफियाओं पर बड़ा प्रहार: 120 घन मीटर रेत जब्त, 5 ठिकाने निशाने पर

सिंगरौली। जिले में अवैध रेत के कारोबार पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में खनिज, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 120 घन मीटर अवैध रेत जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई शासकीय भूमि और आसपास के कुछ निजी स्थानों पर की गई, जहां बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण किया गया था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों का कहना है कि 27 और 28 अप्रैल को लगातार सामने आई खबरों के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई की गई।
हालांकि फिलहाल यह कार्रवाई एक ही स्थान तक सीमित रही। बताया जा रहा है कि हाइवा और लोडर की कमी के कारण अन्य चिन्हित जगहों पर कार्रवाई नहीं हो सकी। जिले में करीब 5 और स्थान ऐसे हैं, जहां अवैध रेत भंडारण की पहचान की गई है और वहां जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले में राजनीतिक संरक्षण को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ लोग प्रभावशाली लोगों के समर्थन से अवैध रेत का कारोबार चला रहे हैं।
हालिया कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि इतने लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार पर पहले सख्ती क्यों नहीं की गई। क्या प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर कार्रवाई में देरी हुई?
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




