जनकल्याण शिविर में हितलाभ वितरण, विधायक विश्वामित्र पाठक बोले- हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

सिहावल। जनपद पंचायत सिहावल में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर सह हितलाभ वितरण कार्यक्रम का समापन क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य एवं सांसद डॉ. राजेश मिश्रा की विशेष उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं लाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में एसडीएम राजेश शुक्ला ने शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी दी। वहीं जनपद स्तरीय शिविर की नोडल अधिकारी दीप्ति वनवासी ने शिविर संचालन, आवेदन पंजीयन, निराकरण प्रक्रिया और हितलाभ वितरण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं तथा शिविर में हुई कार्यवाही से उपस्थित लोगों को अवगत कराया।
हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : विश्वामित्र पाठक
मुख्य अतिथि विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बहरी आगमन के दौरान उनकी मांग पर जनकल्याण शिविर आयोजित करने की घोषणा की गई थी, जिसके तहत जिले में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता अनुसार लाभ लें, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। विधायक ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ
कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं विधायक विश्वामित्र पाठक ने किसानों को बीज वितरित किए। इसके साथ ही केसीसी, आयुष्मान कार्ड, अनुग्रह राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना, संबल कार्ड, पेंशन योजनाओं सहित विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी लाभार्थियों को प्रदान किए गए।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण
कार्यक्रम में एसडीएम राजेश शुक्ला, डीआर एवं नोडल अधिकारी दीप्ति वनवासी, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष विमलेश रावत, सिद्धार्थ गौतम, गजराज सिंह, तहसीलदार जय प्रकाश पाण्डेय, दिनेश तिवारी, सीडीपीओ अनुसुइया बाजपेयी, बीपीओ कामता तिवारी, सरपंच मुन्नी वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




