विधायक ने दिलाई विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ

विधायक ने दिलाई विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ
——-
शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्तियों तक पहुंचाने का माध्यम है विकसित भारत संकल्प यात्रा – विधायक श्रीमती पाठक
रिपोर्ट👉 अरुण मिश्रा
सीधी l विकसित भारत संकल्प यात्रा के द्वितीय चरण में नगर पालिका सीधी अंतर्गत संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय में शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक रीती पाठक ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्तियों तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है। प्रधानमंत्री जी के अंतर्मन से निकली जनकल्याणकारी योजनाएं गरीबों और वंचितों को लाभ के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।
विधायक सीधी श्रीमती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है जिसका प्रत्येक भारतवासी को गर्व होना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों की व्यथा को महसूस किया और गरीबों के कल्याण के लिए हितकारी योजनाएं बनाईं। अब इनका लाभ दिलाकर महिला, युवा, किसान एवं गरीब वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से होने वाली बीमारियों से मुक्ति दिलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों के पक्के आवास का सपना पूरा हुआ है। जल जीवन मिशन से घर-घर नल से जल पहुंचने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां विद्युत कनेक्शन नहीं था वहां सरकार विद्युत कनेक्शन पहुंचने का काम किया। प्रधानमंत्री जी द्वारा नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण कर एक ऐतिहासिक काम किया जा रहा है। स्वसहायता समूह की महिलाएं आत्मनिर्भर हुईं तथा उनमें महत्वकांक्षा भी बढ़ी है।
विधायक ने कहा कि हमें अभी और प्रगति करनी है। इस संबंध में सभी को आपस में स्वस्थ संवाद करते हुए भारत को विश्वगुरू बनाने में अपना सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जो पात्र है वह केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे इसके लिए अधिकारी कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। मानवीय दृष्टिकोण के साथ मदद कर विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सपने को साकार कर हम विकसित समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों को विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में योजनाओं के लाभ प्रदान करने के अलावा जनहितैषी योजनाओं व विकास कार्यों से संबंधित समस्याओं व शिकायतों का निराकरण भी किया गया। नागरिकों ने प्रचार वाहन के साथ सेल्फी स्टैण्ड में सेल्फी और फोटो भी खिंचवाई। इस अवसर पर हितग्राहियों को हितलाभ वितरण के साथ-साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, पार्षद आनंद परियानी, पूनम सोनी, बाबूलाल कुशवाहा, शुभादेवी कोल, नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों द्वारा सहभागिता की गई।




