अवैध गिट्टी परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, सीधी में डम्पर जब्त

सीधी जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को गोपदबनास तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान अनाधिकृत रूप से गिट्टी का परिवहन करते एक डम्पर को जब्त किया गया।
खनिज दल ने एमपी 53 जेडबी 0102 नंबर के डम्पर को सीधी के पुराने टैक्सी स्टैंड के सामने पकड़ा। जांच में वाहन से गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन पाया गया, जिसके बाद वाहन को जब्त कर कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
वाहन चालक और स्वामी के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आदतन रूप से अवैध उत्खनन या परिवहन में शामिल पाए जाने वालों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



