5100 दीपों से जगमगाया रानी कुमारी मंदिर, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उमड़ी भीड़

सीधी के सिहावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लौआ स्थित रानी कुमारी मंदिर परिसर में गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत हुए आयोजन में 5100 दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे पूरा मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। विधायक ने कहा कि सेवा और जनभागीदारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में लौआ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राही और लाभार्थी शामिल हुए। 5100 दीपों का एक साथ प्रज्ज्वलन आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।




