NEET-JEE छात्रों से मिले वित्त सचिव, तैयारी को लेकर दिया सफलता का मंत्र

सीधी के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में संचालित NEET और JEE कोचिंग कक्षाओं का मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग के सचिव लोकेश जाटव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, तैयारी और परीक्षा रणनीति की जानकारी ली।
लोकेश जाटव ने छात्रों से विषयवार तैयारी, पढ़ाई में आने वाली चुनौतियों और उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, बेहतर समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास पर ध्यान देने की सीख दी।
उन्होंने कहा कि NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मेहनत के साथ निरंतरता, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है। विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने, नियमित प्रश्न अभ्यास करने और समय-समय पर अपनी तैयारी का आकलन करने पर ध्यान देना चाहिए।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित कोचिंग व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कोचिंग कक्षाओं की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया और उन्होंने अधिकारियों से अपनी तैयारी एवं भविष्य के लक्ष्यों को लेकर संवाद किया।




