बहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.168 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

सीधी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत बहरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 168 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त किया है, जबकि मामले में नामजद मुख्य सप्लायर की तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लौआ अर्जुननगर निवासी रमेश साकेत अपने घर में बिक्री के उद्देश्य से अवैध गांजा छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान तख्त के नीचे रखी प्लास्टिक की बोरी से टेप से बंधे 10 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 10 किलो 168 ग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने मौके से रमेश साकेत (30) पिता रामजियावन साकेत, निवासी ग्राम लौआ अर्जुननगर, थाना बहरी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद गांजा उसे बिक्री के लिए श्यामलाल साहू, निवासी ग्राम सुकुवारी, थाना जमोड़ी ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने सह-आरोपी श्यामलाल साहू के विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक अविनेश चौधरी, आरक्षक अवधेश कुशवाहा, राजकमल भुर्तिया तथा महिला आरक्षक पिकी दुबे की भूमिका सराहनीय रही।
जिला पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


