मिशन कर्मयोगी के तहत 31 दिसंबर तक होंगे ‘कर्मयोगी कर्तव्य’ प्रशिक्षण, iGOT पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य

सीधी। जिले में लोकसेवकों के कौशल विकास और नागरिक-केंद्रित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए मिशन कर्मयोगी के तहत ‘कर्मयोगी कर्तव्य’ प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 दिसंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों का iGOT (इंटीग्रेटेड गवर्नमेंट ऑनलाइन ट्रेनिंग) पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि मिशन कर्मयोगी का उद्देश्य लोकसेवकों में सेवा भाव, जवाबदेही और लोक-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित करना है। इसके तहत डिजिटल लर्निंग और व्यवहारगत प्रशिक्षण कार्यशालाओं के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र की अवधि लगभग चार घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं का iGOT पोर्टल पर पंजीकृत एवं सक्रिय होना अनिवार्य होगा। जिले, तहसील और विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले सभी प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं को 31 दिसंबर 2026 से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने सभी विभागाध्यक्षों एवं कार्यालय प्रमुखों से कहा है कि वे अपने विभाग के क्लास-1, क्लास-2, क्लास-3 तथा संविदा लोकसेवकों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में एक्सेल एवं हार्ड कॉपी के रूप में तैयार कर एक सप्ताह के भीतर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सीधी को ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी मिलने से प्रशिक्षण कार्यक्रमों की कार्ययोजना प्रभावी ढंग से तैयार की जा सकेगी और मिशन कर्मयोगी के उद्देश्यों के अनुरूप सभी लोकसेवकों को व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जा सकेगा।




