हत्या का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कांसे का लोटा बरामद

सीधी। जमोड़ी थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कांसे का लोटा भी बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 की रात करीब 11:15 बजे ग्राम डड़हवा में मामूली कहासुनी और गाली-गलौज के दौरान आरोपी रुद्र लाल उर्फ सोनू कोल (26) ने बंश राखन कोल (32) के सिर पर कांसे के लोटे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल को पहले जिला अस्पताल सीधी और बाद में गंभीर हालत में एसजीएमएच रीवा रेफर किया गया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना जमोड़ी में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन उपचार के दौरान 1 जुलाई 2026 को घायल की मृत्यु हो जाने के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) जोड़ दी गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कांसे का लोटा भी बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 109(1) एवं 103(1) के तहत जारी है।




