अवैध रेत परिवहन पर कुसमी पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त; 6 लाख से अधिक की संपत्ति सीज

सीधी। जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए रेत से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 6 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हलचल देखी जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोपट नदी से रेत निकालकर बिना वैध अनुमति परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी के निर्देशन में टीम ने संभावित मार्गों पर जांच शुरू की। इसी दौरान एक ट्रैक्टर को रोककर जांच की गई, जिसमें रेत लदी पाई गई।
वाहन चालक की पहचान राजेश सिंह पिता कल्याण सिंह गोंड़ के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि रेत टमसार छात्रावास में निर्माण कार्य के लिए ले जाई जा रही थी। हालांकि, मौके पर वैध खनन अथवा परिवहन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
प्रथम दृष्टया अवैध परिवहन पाए जाने पर पुलिस ने ट्रैक्टर और रेत को जब्त कर लिया। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 303(2), 317(5) तथा खनिज अधिनियम की धारा 4/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।




