रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, नायब तहसीलदार 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
रीवा/सिंगरौली – लोकायुक्त संगठन रीवा ने मंगलवार को चितरंगी में ट्रैप कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार महेंद्र कुमार कोल को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं राजस्व निरीक्षक हरी प्रसाद वैश्य पर भी रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के अनुसार, आवेदक प्रवीण चतुर्वेदी निवासी करौली (सीधी) ने शिकायत की थी कि उन्होंने वर्ष 2016 में बालाखण्ड गांव में भूमि खरीदी थी, जिस पर विक्रेता पक्ष के लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया। न्यायालय द्वारा 2021 में बेदखली का आदेश जारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। जब आवेदक ने नायब तहसीलदार से पालन कराने की बात कही, तो उन्होंने और साथ मौजूद राजस्व निरीक्षक ने काम के लिए 15 हजार रुपये की मांग कर दी।
शिकायत की पुष्टि के लिए लोकायुक्त ने सत्यापन कराया, जिसमें 22 नवंबर को नायब तहसीलदार द्वारा 4 हजार रुपये और 23 नवंबर को राजस्व निरीक्षक द्वारा 8 हजार रुपये की मांग करना पाया गया। शिकायत सही मिलने पर 25 नवंबर को टीम ने नायब तहसीलदार के शासकीय आवास बैरीटोला खुर्द में उन्हें 4 हजार रुपये लेते ही पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में की गई। निरीक्षक उपेंद्र दुबे सहित 12 सदस्यीय दल इसमें शामिल रहा।




