लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई – तहसील कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, मचा हड़कंप

रीवा/सतना। लोकायुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान का बाबू उपेंद्र पांडे रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया। इस घटना से पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त कार्रवाई में शिकायत से खुला भ्रष्टाचार
शिकायतकर्ता रामकृष्ण प्रजापति, निवासी ग्राम एरा, ने 15 सितंबर को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई शिवाकांत प्रजापति पर दर्ज प्रकरण की पेशियों के दौरान तहसील कार्यालय के बाबू उपेंद्र पांडे हर बार 500 रुपए रिश्वत लेता था। अब तक आरोपी ने तीन पेशियों में 1500 रुपए वसूले थे और आगे भी रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त कार्रवाई में ट्रैप दल की रणनीति
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक रीवा, श्री सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में सत्यापन कराया गया। सत्यापन में आरोपी ने 500 रुपए रिश्वत की मांग की। इसके बाद 16 सितंबर को निरीक्षक उपेंद्र दुबे की अगुवाई में गठित टीम ने तहसील कार्यालय में आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त कार्रवाई में बरामद हुई रिश्वत की रकम
आरोपी से 500 रुपए रिश्वत की रकम बरामद की गई। इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
लोकायुक्त कार्रवाई का लगातार अभियान
लोकायुक्त कार्यालय रीवा संभाग ने वर्ष 2025 में अब तक 18 ट्रैप कार्रवाई की हैं। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व विभाग, पुलिस, शिक्षा और आदिम जाति कल्याण विभाग शामिल हैं। वहीं, इसी वर्ष रीवा और सिंगरौली के तीन मामलों में विशेष न्यायालयों ने आरोपियों को कारावास की सजा भी सुनाई है।




