ब्लैकमेल और धमकी से परेशान! दोस्ती के बाद युवक ने किया ‘शोषण’, पीड़िता ने पी मच्छर मार दवाई

सतना। दो बच्चों की मां से एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती की, इसके बाद उसे अलग-अलग जगह होटल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए. शादी का वादा कर पाति से तलाक भी करवा दिया, लेकिन अब मुकर गया. इस मामले की शिकायत लेकर पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय (SP Office Satna) पहुंची, जहां पर उसने मच्छर मार दवाई पीकर जान देने की कोशिश की. फिलहाल उसे अस्पताल में पुलिस निगरानी के बीच भर्ती कराया गया है.
क्या हैं आरोप?
आरोप है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो बना लिए हैं, जिनको वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए वसूल लिए. पीड़ित महिला ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है. आरोपी युवक इन दिनों कहीं और चला गया है और फोन के माध्यम से तमाम तरह की धमकियां दे रहा है.
पीडि़ता ने बताया कि आरोपी से अप्रैल 2024 में पहली बार मुलाकात हुई थी. महिला का आरोप है कि युवक ने सतना के बेला रिसोर्ट में अपने नाम से कमरा बुक कर उसे बुलाया और शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद, मई 2024 के पहले सप्ताह में आरोपी ने दुबारा संपर्क कर उसे जबलपुर ले गया. जहां दीनदयाल बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में रुका और फिर से शारीरिक संबंध बनाए और सोते समय अश्लील वीडियो बना लिए.
संबंधों की जानकारी होने पर पति ने छोड़ा
पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया कि 2015 में उसकी शादी हुई थी. उसके दो बच्चे हैं. एक बच्चे की उम्र 9 साल और दूसरे की 4 वर्ष है. जब पति को इस बारे में पता चला तो उसने उसके साथ मर्जी से रिश्ता समाप्त करने का आवेदन कोर्ट में दिया. मामले की सुनवाई चल रही है. उधर आरोपी अब इस बात की धमकी दे रहा है कि अब वह तलाक के बाद भी शादी नहीं करेगा.
लाखों रुपए वसूलने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और विवाह तोड़ने का दबाव बनाया. इसी दौरान, ब्लैकमेलिंग के कारण महिला ने आरोपी को 2.5 से 3 लाख रुपये भी भेज चुकी है.




