बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कैंप खोलने के निर्देश

सीधी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत शिविर खोलने और प्रभावित लोगों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रीवा एयरपोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीवा एवं शहडोल संभाग के अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सीधी सहित प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने फसल, मकान एवं अन्य नुकसान का प्राथमिकता से सर्वे कराने, प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने और बाढ़ से बह गई नवनिर्मित सड़क की तकनीकी जांच कराने के निर्देश भी दिए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई एवं स्वास्थ्य अभियान चलाने, जल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराने, विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा पशुओं के उपचार और गौशालाओं में चारा-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को 24 घंटे फील्ड में सक्रिय रहकर राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए कहा गया।




