तीन दिन की तलाश, घंटों का रेस्क्यू… SDRF ने चट्टानों से निकाला व्यापारी का शव, इलाके में हड़कंप

मऊगंज: नईगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित बहुती जलप्रपात में तीन दिनों से लापता चौका–सोनवर्षा निवासी व्यापारी अरविंद गुप्ता का शव मंगलवार दोपहर बरामद किया गया। उनका शव झरने की गहरी खाई में एक बड़ी चट्टान पर पड़ा मिला, जिसे SDRF और पुलिस टीम ने कई घंटों के रेस्क्यू के बाद बाहर निकाला।
अरविंद गुप्ता 16 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे दुकान से निकले थे और परिजनों से कहा था कि वे अंशुल सिंह को बुलाकर लौटेंगे। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। अगले दिन बहुती कूड़ा के पास उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिली। तीसरे दिन तलाशी के दौरान चट्टानों के बीच पहले उनकी चप्पल और फिर गहरी खाई में शव दिखाई दिया, जिसकी पहचान कपड़ों और वाहन के आधार पर की गई।
पहले दिन पुलिस शव तक नहीं पहुँच सकी
घटना स्थल पथरीला, फिसलन भरा और अत्यंत खतरनाक था। खाई की गहराई और चट्टानों की बनावट के कारण पुलिस पहले दिन शव तक पहुंचने में नाकाम रही। बुधवार दोपहर नईगढ़ी पुलिस, SDRF टीम और ग्रामीणों ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत, रस्सों और तकनीकी उपकरणों की मदद से कई घंटे चले अभियान के बाद शव चट्टान से बाहर निकाला गया। उसे CHC नईगढ़ी चीरघर भेजकर पोस्टमॉर्टम कराया गया।
सूचनाकर्ता ने दी अहम जानकारी
देवतालाब तमरी मोड़ निवासी विवेक गुप्ता ने बताया कि व्यापारी के लापता होने के बाद से परिवार लगातार खोज में जुटा था। चप्पल और स्कूटी मिलने के बाद जलप्रपात क्षेत्र में गहन तलाशी से शव की लोकेशन मिल सकी।
चार महीने में चौथी बार शव मिला
बहुती जलप्रपात लगातार घटनाओं के कारण संवेदनशील ज़ोन माना जा रहा है। चार महीने पहले भी इसी क्षेत्र से तीन शव बरामद किए गए थे। इस वजह से प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
एसपी मौके पर पहुँचे, सुरक्षा और कड़ी करने के निर्देश
शाम होते-होते पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी नईगढ़ी थाना परिसर और जलप्रपात क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने SDRF और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।




