सीधी कलेक्ट्रेट परिसर का नया प्रशासनिक भवन दिसंबर 2026 तक होगा तैयार, कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की

सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने रिडेंसीफिकेशन परियोजना के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन नवीन प्रशासनिक भवन और शासकीय कर्मचारियों के लिए बनाए जा रहे 72 आवासीय फ्लैट्स के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की जानकारी ली और निर्माण स्थल का निरीक्षण कर दिसंबर 2026 तक हर हाल में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, शेष कार्य और समय-सीमा की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ आवश्यक संसाधन बढ़ाकर निर्माण में तेजी लाई जाए।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन फ्लैट्स की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों तथा सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना समय पर पूर्ण होकर प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिल सके और शासकीय कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
समीक्षा बैठक में एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक, तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन यंत्री, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




