सीधी पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों एवं परिजनों हेतु स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन – 120 से अधिक लोगों ने लिया लाभ

सीधी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन एवं प्रेरणा से तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आज दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को पुलिस परेड ग्राउंड, सीधी में “पुलिस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर” का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के शारीरिक स्वास्थ्य की नियमित जांच, रोगों की प्रारंभिक पहचान तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम
स्वास्थ्य विभाग सीधी के सहयोग से जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण किए —
डॉ. अंकिता सिंह – महिला रोग विशेषज्ञ
डॉ. एस. परिहार – सर्जन एवं चिकित्सा अधिकारी
डॉ. माधुरी उइके – दंत चिकित्सक
डॉ. आशीष जाटव – जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ
श्री अनुराग प्यासी, श्री सौरभ सोनी, श्री विशाल सिंह – सहयोगी स्वास्थ्य अधिकारी
इन सभी विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक का निरीक्षण एवं संदेश
शिविर के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने स्वास्थ्य परीक्षण शिविर स्थल का भ्रमण कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि “स्वस्थ पुलिस बल ही सशक्त पुलिस बल होता है, इसलिए सीधी पुलिस अपने सभी कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।”
सहभागिता एवं संचालन
इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लगभग 120 पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।
शिविर के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक श्री वीरेंद्र कुमरे द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई गई।
सीधी पुलिस का संकल्प
सीधी पुलिस सदैव अपने कर्मियों के कल्याण, स्वास्थ्य एवं मनोबल को सर्वोपरि मानती है।
इस प्रकार के आयोजन न केवल पुलिस परिवार के स्वास्थ्य संवर्धन में सहायक सिद्ध होते हैं, बल्कि बल में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सहयोग एवं उत्साह का संचार भी करते हैं।




