कुसमी को मिले नए एसडीएम, अजय शर्मा ने संभाला पदभार; राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और जनसेवा पर दिया जोर

सीधी। जिले के कुसमी अनुभाग को नए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के रूप में अजय शर्मा मिल गए हैं। उन्होंने 7 जुलाई को कुसमी पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने राजस्व विभाग की बैठक लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसडीएम अजय शर्मा ने क्षेत्र का दौरा भी शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
मीडिया से चर्चा के दौरान एसडीएम अजय शर्मा ने कहा कि आम नागरिकों को शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि टीमवर्क के माध्यम से ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। साथ ही जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश भी दिए।
नए एसडीएम के पदभार ग्रहण करने के साथ ही कुसमी अनुभाग में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और जनसेवा से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।




