कुसमी में कियोस्क संचालक की बड़ी धोखाधड़ी – ग्रामीणों के खातों से लाखों की ठगी, पुलिस की कड़ी कार्रवाई

कुसमी। कियोस्क संचालक द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीणों से लाखों की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
कियोस्क संचालक पर पहली शिकायत
ग्राम नौढिया निवासी लालमन बैगा ने बताया कि प्रधानमंत्री जन मन आवास योजना की राशि उसके फिनो बैंक खाते में जमा हुई थी। ग्राम जूरी के कियोस्क संचालक दयाराम कुशवाहा ने खाते की जांच के बहाने आधार और अंगूठा लगवाकर ₹1,25,000 निकाल लिए।
कियोस्क संचालक पर दूसरी शिकायत
ग्राम जूरी निवासी सुखलाल बैगा ने आरोप लगाया कि पत्नी की मृत्यु पर शासन से मिली ₹2,00,000 अनुग्रह राशि में से आरोपी ने ₹1,92,500 धोखाधड़ी से निकाल लिए। अन्य ग्रामीणों के खातों से भी राशि निकालकर करीब ₹6,94,000 की ठगी की गई।
कियोस्क संचालक ने किया ग्रामीणों का विश्वास भंग
सभी पीड़ित अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। आरोपी ने उनकी अशिक्षा और भरोसे का गलत फायदा उठाया और योजनाओं की राशि को हड़प लिया। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से थाना कुसमी पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कियोस्क संचालक पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक डॉ. रवींद्र वर्मा के निर्देशन, एएसपी श्री अरविंद श्रीवास्तव और एसडीओपी श्री आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने आरोपी दयाराम कुशवाहा पर धारा 318(4), 316(5) बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत केस दर्ज किया।
मामले की जांच जारी है और आरोपी की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।




