कलेक्टर के निर्देश पर गैस गोदाम और पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण

सीधी। जिले में घरेलू एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर गैस गोदामों, वितरण स्थलों और पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस भंडारण, वितरण व्यवस्था और उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि एलपीजी रिफिल की बुकिंग पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाएगी और इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में 12 मार्च 2026 को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल यादव, नायब तहसीलदार एकता शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सिंह और रघुवंशमणि शुक्ला ने सुखेजा फिलिंग, गंगा फ्यूल, विजय फिलिंग तथा प्रताप, लीना और शिव शक्ति गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस का संग्रहण न करें।




