त्यौहारों के मद्देनज़र सीधी पुलिस पूर्णतः सतर्क — सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, शहर से लेकर देहात तक पुलिस की सक्रिय निगरानी

सीधी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं जिले के सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए सीधी पुलिस द्वारा संपूर्ण जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया गया है।
त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूर्णतः चौकस और सक्रिय है।
शहर क्षेत्र में 20 से अधिक फिक्स प्वाइंट्स स्थापित किए गए हैं, जहाँ पुलिस बल की टीमें लगातार मौजूद रहकर बाजार एवं सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रख रही हैं।
इसके अतिरिक्त, चार मोबाइल पुलिस यूनिट्स सतत रूप से शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर रही हैं, जो असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम से भी निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इसी प्रकार, देहात थाना क्षेत्रों एवं कस्बों में भी पुलिस की फिक्स पॉइंट टीमें एवं मोबाइल यूनिट्स निरंतर गश्त कर रही हैं और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क के माध्यम से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रही हैं।
पुलिस की अपील
सीधी पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वे त्यौहारों को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम में दें।
“आपकी सजगता ही हमारी सुरक्षा की शक्ति है।”




