भोपाल में तेज रफ्तार का कहर: रंगमहल चौराहे पर कार ने कई लोगों को रौंदा, पेड़ से टकराकर रुकी

भोपाल: राजधानी भोपाल में तेज रफ्तार वाहन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रंगमहल चौराहे पर एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे कई लोगों को कुचल दिया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार माता मंदिर से नानके पेट्रोल पंप होते हुए अपेक्स बैंक चौराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान टीटी नगर से रंगमहल चौराहे को क्रॉस करते समय चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए सीधे पेड़ से जा भिड़ी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया।
चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने हादसे के बाद कार चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चालक नशे की हालत में था या नहीं।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।




